लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे के बाद अपने अगले कदम को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने मंगलवार को घोषणा की कि वह उत्तर प्रदेश में ही रहकर स्वतंत्र रूप से राजनीति में प्रवेश करेंगी। उन्होंने कहा कि यूपी उनकी कर्मभूमि है और वह जनता के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक राह तैयार करेंगी।
दिव्या मित्तल ने कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं और जनता से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाती रहेंगी। उनके मुताबिक राजनीति में आने का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए काम करना है। उन्होंने किसी मौजूदा राजनीतिक दल के साथ जुड़ने के बजाय नागरिकों के साथ मिलकर स्वतंत्र राजनीतिक मंच तैयार करने की बात कही है।
30 अगस्त को दिया था इस्तीफा
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था, जिसे 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया गया था। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चा चल रही थी। किसी ने राजनीति में जाने की संभावना जताई तो किसी ने उनके कोचिंग या लेखन से जुड़ने की अटकलें लगाईं।
27 सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इन चर्चाओं का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि उनके भविष्य को लेकर अलग-अलग तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं और कहा था कि 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे वह खुद अपने अगले कदम के बारे में बताएंगी।
प्रशासनिक कार्यकाल भी रहा चर्चा में
दिव्या मित्तल मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए हलिया ब्लाक के लहुरियादह गांव में पेयजल पहुंचाने की परियोजना को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं।
दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया है। इसके बाद उन्होंने विदेश में निजी क्षेत्र में काम किया और फिर भारत लौटकर सिविल सेवा की तैयारी की। पहले प्रयास में आईपीएस के लिए चयनित होने के बाद उन्होंने आईएएस बनने की तैयारी जारी रखी और 2013 बैच की आईएएस अधिकारी बनीं।
अब प्रशासनिक सेवा के बाद उनकी राजनीतिक पारी किस दिशा में आगे बढ़ती है और जनता के बीच उनकी भूमिका क्या रहती है, इस पर नजर रहेगी। फिलहाल उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी राजनीतिक शुरुआत उत्तर प्रदेश से और स्वतंत्र मंच के साथ होगी।









