Home / राज्य / अभनपुर में ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण: स्मृति ईरानी,CM विष्णु देव साय और पार्टी नेताओं ने सुना पीएम मोदी का संबोधन

अभनपुर में ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण: स्मृति ईरानी,CM विष्णु देव साय और पार्टी नेताओं ने सुना पीएम मोदी का संबोधन

Spread the love

रविवार को अभनपुर स्थित अलका आशुतोष अग्रवाल भवन में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का श्रवण किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी जी, छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी श्री सिद्धार्थ शंभू जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ संगठन के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं और जन-प्रतिनिधियों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री जी के इस संवाद को सुना।

साधारण जीवन के असाधारण प्रयासों का अभिनंदन 

कार्यक्रम के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की उस अनमोल जन-शक्ति का अभिनंदन है, जो गाँव-गाँव और घर-घर में सेवा, समर्पण तथा सृजन के रूप में विद्यमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह संवाद साधारण जीवन जीने वाले लोगों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देता है, जिससे हर भारतीय के हृदय में आशा और समाज के लिए कुछ कर गुजरने का दृढ़ विश्वास जगता है। मुख्यमंत्री साय ने यह भी रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से हमेशा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, बस्तर की खेल प्रतिभाओं, कोरिया जिले के जल संरक्षण मॉडल और स्थानीय नवाचारों की सराहना की है, जो प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।

सृजन और सेवा का पावन संकल्प

पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी जी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से करोड़ों भारतीयों के सपनों की गूँज एक मंच पर सुनाई देती है। यह कार्यक्रम हमें एक-दूसरे के सकारात्मक कार्यों से सीखने की प्रेरणा देता है और माँ भारती की सेवा में अपना निस्वार्थ योगदान देने का पावन संकल्प दोहराता है।