हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेककर देश और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।
भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं को अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भगवान वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक हैं। उनके विचार समाज में सद्भाव बढ़ाने और सभी वर्गों को समान सम्मान देने की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सत्य, धर्म, कर्तव्य और मानवीय संवेदनाओं का संदेश देती है। इन शिक्षाओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार में भी उतारना चाहिए।
जरूरतमंदों को वितरित की ट्राई साइकिलें
तीर्थ स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद लाभार्थियों को ट्राई साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को जरूरी सुविधाएं देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें रोजमर्रा के कामों में मदद मिलती है और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है।
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
तीर्थ स्थल पहुंचने पर लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान नायब सैनी ने भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं को सामाजिक समरसता और मानव कल्याण से जोड़ते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए मिलकर काम करना ही भगवान वाल्मीकि के प्रति सच्ची श्रद्धा है।









