Home / राज्य / जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की फरियाद, बोले- हर शिकायत पर होगी प्रभावी कार्रवाई

जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की फरियाद, बोले- हर शिकायत पर होगी प्रभावी कार्रवाई

Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठाए गए फरियादियों से उन्होंने एक-एक कर बातचीत की और उनके प्रार्थना पत्र लिए। इस दौरान उन्होंने कहा, “चिंता मत करिए, सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।”

अधिकारियों को समय पर समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। समस्याओं का निस्तारण तेजी से करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई निष्पक्ष और संतोषजनक हो। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को फरियादियों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए तय समय में कार्रवाई करने को कहा। सीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसे की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को चॉकलेट देकर किया दुलार

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की और प्यार से चॉकलेट दी। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ अधिकारियों को उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

Tagged: