Home / राजनीति / छठ पूजा को लेकर पटना में खास इंतजाम, दीघा घाट पर 7 हजार गाड़ियों की पार्किंग; जंक्शन पर बनेगा होल्डिंग एरिया

छठ पूजा को लेकर पटना में खास इंतजाम, दीघा घाट पर 7 हजार गाड़ियों की पार्किंग; जंक्शन पर बनेगा होल्डिंग एरिया

Spread the love

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार में तैयारियां पूरी हो गई हैं। गंगा घाटों से लेकर शहर के तालाबों तक श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पटना में दानापुर से दीदारगंज तक 90 गंगा घाटों और कई अस्थाई तालाबों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। वहीं, दीघा घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पार्किंग और आवागमन के लिए खास प्रबंध किए गए हैं। शनिवार को छठ महापर्व का दूसरा दिन है। इस दिन व्रती खरना की पूजा करेंगी। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।

दीघा घाट पर 7 हजार वाहनों की पार्किंग

पटना के दीघा घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बड़े स्तर पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां करीब 7 हजार गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी। दीघा में गंगा का लगभग 3 किलोमीटर लंबा एक ही पाट है, जहां बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालु संत माइकल स्कूल से लेकर दीघा नहर रोड के बीच अलग-अलग रास्तों से घाट तक पहुंच सकेंगे। प्रशासन ने भीड़ को व्यवस्थित रखने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ पूजा के दूसरे दिन यानी कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगी और शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इस दौरान वे बिना अन्न और जल ग्रहण किए छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करेंगी।

पटना से कटिहार तक घाटों पर तैयारियां पूरी

छठ महापर्व को देखते हुए पटना के मीठापुर स्थित कृषि कॉलेज के तालाब को भी पूजा के लिए तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, कटिहार में भी छठ पूजा को लेकर घाटों को सजाने और व्यवस्थित करने का काम अंतिम चरण में है। मिर्चाइबाड़ी बीएमपी धार, कोशी धार और विजय पोखर समेत नगर निगम क्षेत्र के 37 छठ घाटों पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन की कोशिश है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरा पर्व सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।