Home / राज्य / धूरी में 39.20 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,युवाओं को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं

धूरी में 39.20 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,युवाओं को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं

Spread the love

पंजाब में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने संगरूर जिले के धूरी में 39.20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। इसके साथ ही जहांगीर-कहेरू में 8 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हॉकी एस्ट्रो-टर्फ मैदान और पवेलियन जनता को समर्पित किया।

10 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

धूरी में 10 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, नेटबॉल और स्क्वैश जैसे खेलों की सुविधाएं मिलेंगी। परियोजना के तहत 9 करोड़ रुपए की लागत से बहुउद्देश्यीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल बनाया जा रहा है, जिसका 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

स्विमिंग पूल और कई खेल मैदान होंगे तैयार

कॉम्प्लेक्स में 5 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्विमिंग पूल और पवेलियन बनाया जाएगा। इसके अलावा 5.20 करोड़ रुपए खर्च कर दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल मैदान, दो बैडमिंटन कोर्ट, स्केटिंग रिंग, लॉन टेनिस और खो-खो कोर्ट विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं को जून 2027 तक पूरा करने की योजना है।

एथलेटिक्स और हॉकी को भी मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने देश भगत कॉलेज, बरड़वाल में 12 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी उल्लेख किया। इसका 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर 2026 तक इसे खिलाड़ियों के लिए खोलने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी पंजाब की खेल विरासत का अहम हिस्सा है।

खिलाड़ियों को करोड़ों के पुरस्कार और सरकारी नौकरी

पंजाब सरकार ने खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपए का विशेष बजट निर्धारित किया है। ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपए देने का प्रावधान है। वहीं, पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पंजाब के 20 खिलाड़ियों को 9.80 करोड़ रुपए के पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा 11 खिलाड़ियों को PCS और DSP जैसे पदों पर नियुक्तियां भी दी गई हैं।सरकार का कहना है कि इन प्रयासों से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।