झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एक्स पर पोस्ट कर साझा की संवेदनाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा कि अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी श्रीमती सायरा मुंडा के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि मां का प्यार, आशीर्वाद और स्नेह किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होता है। मां का साथ छूट जाना ऐसा दुख है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
मां का बिछड़ना परिवार के लिए बड़ी क्षति
सम्राट चौधरी ने अपने शोक संदेश में मां के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जीवन में मां का स्थान सबसे खास होता है। उनका स्नेह और आशीर्वाद हर मुश्किल समय में ताकत देता है। ऐसे में उनका दुनिया से चले जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और संबल प्रदान करें। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘ॐ शांति’ लिखकर किया।
91 साल की उम्र में हुआ निधन
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन मुंडा की 91 वर्षीय मां सायरा मुंडा का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं और जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।








