Home / राजनीति / छत्तीसगढ़ में धान खरीदी आज से शुरू, 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेंगे पूरे 13,839 रुपये

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी आज से शुरू, 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेंगे पूरे 13,839 रुपये

Spread the love

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी महाअभियान शुरू करने जा रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी खरीदी की शुरुआत होगी। इस वर्ष सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

कम धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपये

नई व्यवस्था के तहत कृषक उन्नति योजना में पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, एक एकड़ रकबे वाला किसान यदि 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे पूरी सहायता राशि मिलेगी। इसी तरह दो एकड़ वाले किसान को 27,678 रुपये और तीन एकड़ वाले किसान को 41,517 रुपये दिए जाएंगे।

3,100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। वहीं राज्य सरकार ने लाभकारी मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। दोनों के बीच 659 रुपये का अंतर है। अधिकतम 21 क्विंटल खरीदी के आधार पर प्रति एकड़ यह राशि 13,839 रुपये होती है।

3,100 केंद्रों पर होगी खरीदी

प्रदेश में 3,100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदा जाएगा। केंद्रों पर बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सुरक्षित भंडारण और परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके हैं। डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को निर्धारित तारीख पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

तीन साल में किसानों को मिले 35,904 करोड़

राज्य सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2023 से 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।