बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर अच्छी खबर है। पटना सिटी में लंबे समय से जाम की समस्या से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिल सकती है। पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबा संपर्क पथ बनाया जा रहा है, जो आगे जेपी गंगा पथ से जुड़ेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार शाम निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो।
52.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संपर्क पथ का निर्माण 52.54 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना का काम 5 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था। सड़क बनने के बाद पटना साहिब रेलवे स्टेशन से जेपी गंगा पथ तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे पटना सिटी और शहर के दूसरे हिस्सों के बीच आवागमन आसान होगा।
अशोक राजपथ पर बनेगा फ्लाईओवर
परियोजना के तहत अशोक राजपथ पर फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के पास आरओबी के माध्यम से जेपी गंगा पथ को एनएच-30 से जोड़ने की योजना है। इससे लोगों को आवागमन के लिए एक अतिरिक्त और वैकल्पिक रास्ता मिलेगा।
मारुफगंज मंडी के जाम से मिलेगी राहत
पटना सिटी के अशोक राजपथ और मारुफगंज मंडी इलाके में अक्सर वाहनों का दबाव बना रहता है। संपर्क पथ तैयार होने के बाद इन क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। दलहट्टा, चरखी पर और आसपास के इलाकों के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाएं शहर के विकास को गति देने के साथ नागरिकों का आवागमन भी सुगम बनाती हैं।









