लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को देशभर में व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। नदी, तालाबों और विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। बिहार की राजधानी पटना में गंगा घाटों पर संध्या अर्घ्य के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
खड़गपुर में सुरक्षा और रोशनी के विशेष इंतजाम
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भी छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां पुलिस प्रशासन और पूजा आयोजकों ने मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। तालाब के आसपास बांस से घेराबंदी की गई और आकर्षक रोशनी से घाटों को सजाया गया। हजारों श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए। राज्य मंत्री दिलीप घोष ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को बिना किसी डर के त्योहार मनाने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया गया है।
जयपुर में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दिया अर्घ्य
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भी जयपुर में छठ पूजा के आयोजन में शामिल हुईं। उन्होंने छठ घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया और सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जयपुर में बिहार और बंगाल के बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। छठ पूजा में शामिल होकर उन्हें ऐसा महसूस होता है, जैसे वह बिहार में ही हों।
पटना में लेजर शो और आतिशबाजी से जगमगाया गंगा पथ
बिहार में छठ महापर्व के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जेपी गंगा पथ गोलंबर पर भव्य लेजर लाइट शो आयोजित किया गया। आकर्षक रोशनी और आतिशबाजी से जेपी गंगा पथ से लेकर जेपी सेतु तक का इलाका जगमगा उठा। दीघा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया ने आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लेजर शो और शानदार लाइटिंग ने आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
सुख-समृद्धि की कामना के साथ संध्या अर्घ्य संपन्न
छठ के संध्या अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देश के अलग-अलग हिस्सों में घाटों पर भक्ति, आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा नजारा देखने को मिला। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।









