बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस बार छठ महापर्व अपने पैतृक गांव लखनपुर में मनाएंगे। मुख्यमंत्री 15 नवंबर की देर शाम मुंगेर जिले के तारापुर स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचेंगे। खास बात यह है कि 16 नवंबर को उनका जन्मदिन भी है। इस विशेष अवसर पर वह परिवार के सदस्यों के साथ छठ पर्व में शामिल होंगे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के गांव आगमन को लेकर जिला और अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट किया गया है।
उत्तर टोला छठ घाट पर देंगे अर्घ्य
पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की छोटी बहन और भाभी इस वर्ष छठ का व्रत कर रही हैं। मुख्यमंत्री 16 नवंबर की सुबह अपने पैतृक आवास से करीब 500 मीटर दूर स्थित उत्तर टोला छठ घाट पहुंचेंगे। यहां वह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर घाट पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
तीन अन्य छठ घाटों पर जाने की संभावना
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान तारापुर और असरगंज प्रखंड के तीन अन्य प्रमुख छठ घाटों पर भी पहुंचने की संभावना है। इनमें बड़ी दुर्गा मंदिर छठ घाट, रणगांव मंदिर स्थित शिवगंगा छठ घाट और धोबई छठ घाट शामिल हैं। सुबह सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद मुख्यमंत्री परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।
जन्मदिन पर नहीं होगा विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बार अपने जन्मदिन पर किसी बड़े या विशेष आयोजन की योजना नहीं बनाई है। सरकारी कामकाज और आधिकारिक जिम्मेदारियों के चलते वह सादगी से परिवार के बीच जन्मदिन मनाएंगे। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता उनके जन्मदिन को सामाजिक सेवा के रूप में मनाने की तैयारी कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं की ओर से इस अवसर पर जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।









