Home / मनोरंजन / फ्लॉप फिल्मों के बाद मीनाक्षी शेषाद्रि को कहा गया ‘पनौती’, 30 साल बाद फिर करेंगी अभिनय

फ्लॉप फिल्मों के बाद मीनाक्षी शेषाद्रि को कहा गया ‘पनौती’, 30 साल बाद फिर करेंगी अभिनय

Spread the love

फिल्म ‘हीरो’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि 63 साल की हो गई हैं। 80 और 90 के दशक में उन्होंने ‘डकैत’, ‘घर हो तो ऐसा’, ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी भी खूब पसंद की गई। अब करीब 30 साल बाद मीनाक्षी एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी की तैयारी कर रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने फिल्मी करियर, संघर्ष, साथी कलाकारों और निजी अनुभवों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने बताया कि लगातार फिल्में फ्लॉप होने पर उन्हें ‘पनौती’ तक कहा जाने लगा था।

फ्लॉप फिल्मों के बाद कहा जाने लगा ‘पनौती’

मीनाक्षी ने फरीदून शहरयार को दिए इंटरव्यू में बताया कि करियर के एक दौर में उनकी लगातार कई फिल्में फ्लॉप हुई थीं। इसके बाद कुछ गॉसिप मैगजीन और पत्रकार उन्हें ‘जिंक्स’ यानी पनौती कहने लगे थे। लोगों को लगने लगा था कि उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं होंगी। हालांकि, मीनाक्षी ने इन बातों को खुद पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने बताया कि मुश्किल समय में भगवद्गीता की सीख ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। श्रीकृष्ण के कर्म करते रहने और फल की चिंता न करने के संदेश से उन्होंने प्रेरणा ली। इसके बाद 1990 में उनकी फिल्में ‘घायल’ और ‘घर हो तो ऐसा’ सफल रहीं। मीनाक्षी ने कहा कि पहले वह इन फिल्मों की सफलता का पूरा श्रेय लेने से बचती थीं, लेकिन अब मानती हैं कि उनकी भूमिका भी इन फिल्मों की सफलता में अहम थी।

आठ साल तक शानदार रहा करियर

1985 से 1993 तक मीनाक्षी के करियर का सबसे सफल दौर रहा। इस दौरान वह लगातार बॉक्स ऑफिस पर सफल अभिनेत्रियों में शामिल रहीं। उन्होंने बताया कि उस समय श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और जूही चावला जैसी बेहतरीन अभिनेत्रियां भी इंडस्ट्री में सक्रिय थीं। मीनाक्षी खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें इन सभी के साथ काम करने और उस दौर का हिस्सा बनने का मौका मिला। उनके मुताबिक, चारों अभिनेत्रियों ने मिलकर ऐसा प्रभाव बनाया, जिसे आज भी याद किया जाता है।

सनी देओल के साथ जोड़ी को बताया धर्मेंद्र-हेमा जैसी

मीनाक्षी शेषाद्रि ने सनी देओल के साथ ‘डकैत’, ‘घायल’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों में काम किया। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई। इंटरव्यू में उन्होंने अपनी और सनी देओल की जोड़ी की तुलना धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी से की। उन्होंने कहा कि दोनों की पृष्ठभूमि अलग थी, लेकिन पर्दे पर उनकी जोड़ी खूब जमी। ‘डकैत’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए मीनाक्षी ने बताया कि फिल्म के गाने ‘किस कारण नैया डोली’ की शुरुआत में सनी देओल के साथ एक किसिंग सीन फिल्माया गया था। हालांकि, सेंसर बोर्ड की आपत्ति के बाद इसे फिल्म से हटा दिया गया।

स्कूल बस से देखी थी अमिताभ-रेखा की शूटिंग

मीनाक्षी ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि जब वह 12वीं कक्षा में थीं, तब स्कूल बस से घर लौटते समय दिल्ली की सड़कों पर अमिताभ बच्चन और रेखा को फिल्म ‘सिलसिला’ की शूटिंग करते देखा था। दोनों मोटरसाइकिल पर थे और स्कूल बस में बैठे बच्चे उन्हें देखकर उत्साहित हो गए थे। कई साल बाद फिल्म ‘शहंशाह’ के एक गाने की शूटिंग के दौरान मीनाक्षी को अमिताभ बच्चन के पीछे मोटरसाइकिल पर बैठने का मौका मिला। तब उन्होंने अमिताभ को पुराने किस्से की याद दिलाई। मीनाक्षी के मुताबिक, अमिताभ ने उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ काम करते रहने की सलाह दी थी।

अनिल कपूर के साथ रहा हेल्दी कॉम्पिटिशन

मीनाक्षी ने बताया कि उन्होंने अनिल कपूर के साथ करीब 7 से 8 फिल्मों में काम किया। दोनों के बीच हमेशा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा रहती थी। वह एक-दूसरे से बेहतर काम करने की कोशिश करते थे, लेकिन उनके बीच कभी दुश्मनी नहीं रही। उन्होंने अनिल कपूर की फिटनेस और काम के प्रति समर्पण की भी तारीफ की। इसके अलावा विनोद खन्ना और राजेश खन्ना के साथ काम करने के अनुभव भी साझा किए।

‘दामिनी’ के बाद बदली जिंदगी, अब वापसी की तैयारी

मीनाक्षी ने बताया कि ‘दामिनी’ के बाद वह ऐसे किरदार करना चाहती थीं, जिनकी कहानी में अहमियत हो। वह फिल्मों में केवल गानों या सीमित भूमिकाओं तक सिमटकर नहीं रहना चाहती थीं। हालांकि, निजी जिंदगी में आए बदलावों के चलते उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली और करीब 30 साल अमेरिका में रहीं। अब भारत लौटने के बाद वह फिर से फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स की स्क्रिप्ट सुन रही हैं। मीनाक्षी का कहना है कि वह पर्दे पर महिलाओं की ऐसी छवि देखना चाहती हैं, जिसमें उनके संघर्ष, सोच, आत्मविश्वास और असल जिंदगी को जगह मिले। फिलहाल उनकी प्राथमिकता अभिनय में वापसी करना है। इसके बाद वह निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखना चाहेंगी।