प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शिरकत की। नमो घाट पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। इस दौरान काशी के आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना और उनके हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
काशी के आसमान में राफेल और सुखोई का शौर्य प्रदर्शन
भारतीय वायुसेना के इस विशाल एयर शो में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जिसमें राफेल और सुखोई-30 MKI जैसे 52 अत्याधुनिक लड़ाकू विमान शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत में चेतक हेलीकॉप्टरों ने आसमान से पुष्प वर्षा की। इसके बाद राफेल विमान ने बेहद कम ऊंचाई पर कलाबाजियां दिखाते हुए अपने सटीक कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि सुखोई-30 MKI ने तेज रफ्तार और हवाई करतबों से दर्शकों की तालियां बटोरीं।
सूर्यकिरण टीम और C-17 ग्लोबमास्टर की अद्भुत फॉर्मेशन
एयर शो के दौरान C-17 ग्लोबमास्टर और नौ सूर्यकिरण हौक विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर ‘दशाश्व’ फॉर्मेशन बनाई। वहीं राफेल, सुखोई, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने तीर की नोक के आकार में उड़ान भरी, जो ऑपरेशन सिंदूर जैसा नजारा पेश कर रही थी। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने आसमान को तिरंगे के रंगों से भर दिया। चिनूक हेलीकॉप्टर ने अलकनंदा फॉर्मेशन बनाकर गंगा नदी को नमन किया। इस ऐतिहासिक नजारे को देखने के लिए लगभग 15 लाख लोग मौजूद रहे।
100 करोड़ की टेक्सटाइल यूनिट से 1000 महिलाओं को रोजगार
एयर शो में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री ने मिर्जामुराद के खोचवां (रूपापुर) गांव में ‘अरविंद लिमिटेड’ की नई कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस यूनिट में स्पोर्ट्सवियर और अंडरगारमेंट्स का उत्पादन किया जाएगा। इस परियोजना से लगभग 1,000 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में यहाँ 300 मशीनें लगाई गई हैं और महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
काशी की सड़कों पर 7 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो
टेक्सटाइल यूनिट के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री ने पुलिस लाइन से नमो घाट तक लगभग 7 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया। पूरे रास्ते में सड़कों के दोनों ओर खड़े हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी वाहन से बाहर निकलकर जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया और फिर नमो घाट पहुंचकर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आनंद लिया।









