राजस्थान के एक छोटे से गांव से निकलकर सूरत में करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार खड़ा करने वाले एक परिवार ने सांसारिक सुख-सुविधाओं को छोड़कर संयम और आध्यात्म का रास्ता चुन लिया है। दिलीप भाई भोगर, उनकी पत्नी ज्योति बेन और दोनों बेटियां अब जैन संत जीवन अपनाने की तैयारी कर रही हैं। परिवार की दीक्षा 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में होगी। दिलीप भाई मूल रूप से उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में कपड़े का कारोबार शुरू किया था। एक दुकान से शुरू हुआ उनका व्यवसाय धीरे-धीरे बढ़ता गया। आज उनके पास तीन दुकानें और कई मशीनें हैं। परिवार का सालाना टर्नओवर करीब 15 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। लेकिन कारोबार को और आगे बढ़ाने के बजाय दिलीप भाई ने इसे समेटने का फैसला किया और दीक्षा लेने का संकल्प कर लिया।
बेटी की दीक्षा के बाद परिवार में बढ़ा वैराग्य
दिलीप भाई के परिवार में धर्म और आध्यात्म की ओर झुकाव पहले से रहा है। उनकी एक बेटी शैली वर्ष 2023 में ही सांसारिक जीवन छोड़कर जैन दीक्षा ले चुकी हैं। अब वह साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं। बेटी के दीक्षा लेने के बाद दिलीप भाई का भी कारोबार से मोह कम होने लगा और उन्होंने धीरे-धीरे व्यवसाय समेटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आचार्यश्री के संपर्क में आने के बाद दिलीप भाई के मन में वैराग्य के भाव मजबूत हुए। उनके इस फैसले में पत्नी ज्योति बेन और दोनों बेटियों ने भी सहमति जताई।
एक बेटी ने शुरू किया था खुद का कारोबार, दूसरी फुटबॉल खिलाड़ी
दिलीप भाई की बड़ी बेटी छवि की उम्र 22 साल है। उन्होंने बीबीए के साथ ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की है। छवि ने क्रोशिया कला के जरिए अपना छोटा व्यवसाय भी शुरू किया था। वह क्रोशिया से सजावटी और उपयोगी वस्तुएं बनाकर उन्हें कारोबार का रूप दे रही थीं। हालांकि, परिवार के दीक्षा लेने के फैसले के बाद उन्होंने करीब चार महीने में ही अपना काम छोड़ दिया। वहीं, छोटी बेटी चार्वी 14 साल की हैं और सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी हैं। अब दोनों बेटियां भी माता-पिता के साथ दीक्षा लेकर संयम के मार्ग पर आगे बढ़ेंगी।
दीक्षा से पहले ले रहे संत जीवन का प्रशिक्षण
दीक्षा लेना केवल सांसारिक जीवन छोड़ने का फैसला नहीं, बल्कि अनुशासन और कठिन साधना से जुड़ा मार्ग भी है। इसके लिए पूरा परिवार पहले से तैयारी कर रहा है। पैदल यात्रा, आहार-विहार और जैन संतों की दिनचर्या से जुड़ी परंपराओं को समझने के लिए परिवार ने साथ रहकर प्रशिक्षण लिया है। परिवार के रिश्तेदार कुंदन चंडालिया के मुताबिक, दिलीप भाई ने शुरुआत में एक दुकान से कारोबार शुरू किया था। बाद में सूरत में तीन दुकानें और कई मशीनें लगाईं। आगे भी व्यवसाय बढ़ाने की योजना थी, लेकिन आचार्यश्री के संपर्क में आने के बाद उनका रुझान धर्म की ओर बढ़ गया।
पत्नी ने बताया- हर मुश्किल में बनी रही गुरु की कृपा
दिलीप भाई की पत्नी ज्योति बेन ने बताया कि एक बार उनके पति का गंभीर एक्सीडेंट हुआ था। उस समय स्थिति काफी मुश्किल हो गई थी, लेकिन परिवार ने इसे प्रभु की कृपा माना। उनके मुताबिक, जीवन में कई संकट आए, लेकिन हर बार गुरु का आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा। फिलहाल भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ में है। परिवार के इस फैसले के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोग उनका अभिनंदन कर रहे हैं। 8 फरवरी 2027 को सूरत में होने वाली दीक्षा के साथ दिलीप भाई, ज्योति बेन और उनकी दोनों बेटियां सांसारिक जीवन से विदा लेकर जैन धर्म के संयम मार्ग पर आगे बढ़ेंगी।









