उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर भरोसा जताया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार कुछ नियुक्ति पत्र रोककर रखेगी, ताकि तीसरी बार सत्ता में आने पर युवाओं को फिर नियुक्ति पत्र बांटे जा सकें। उनका यह बयान 4543 नव चयनित उप निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम के दौरान सामने आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भी अलग-अलग विभागों में भर्तियों का सिलसिला जारी रहेगा।
तीसरी बार के लिए भी नियुक्ति पत्र रोकने की बात
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र अभी रोककर रखेंगे। जब तीसरी बार सरकार में आएंगे, तब भी युवाओं के लिए नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आगे बढ़ाएंगे। उनके इस बयान को प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने के दावे के तौर पर देखा जा रहा है।
पहले यूपी की पहचान को लेकर कही ये बात
मुख्यमंत्री ने करीब 9 से 10 साल पहले के उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश ने देश में अपनी पहचान खो दी थी। यूपी का नाम सुनकर लोग चौंक जाते थे और यहां के युवाओं को भी कई जगह मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी थी। आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई दूसरा देता था और नियुक्ति पत्र किसी अन्य व्यक्ति को मिल जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में इस तरह की अनियमितताओं को रोकने का काम किया है।
कर्फ्यू और दंगों को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में अव्यवस्था और अशांति का माहौल था। कर्फ्यू और दंगे राज्य की पहचान बन गए थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां बड़ी संख्या में युवा कार्यबल मौजूद है, लेकिन पहले युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुसार अवसर नहीं मिल पाते थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले यूपी के युवाओं को दूसरे राज्यों में पहचान बताने पर परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।









