Home / राज्य / बारिश और बाढ़ से कई राज्यों में हालात बिगड़े, उत्तराखंड में 170 फीट लंबा ब्रिज बहा

बारिश और बाढ़ से कई राज्यों में हालात बिगड़े, उत्तराखंड में 170 फीट लंबा ब्रिज बहा

Spread the love

पिथौरागढ़ के कुलागाड़ नाले पर बना 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज पानी के बहाव में बह गया। इससे चीन सीमा से लगी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क टूट गया है। बताया गया कि पुराना पुल 18 अगस्त को चट्टान गिरने से टूट गया था, जिसके बाद 27 अगस्त को ही नया बैली ब्रिज बनाया गया था। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण यह ब्रिज भी टिक नहीं सका। उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को खोल दिया गया है।

छत्तीसगढ़ में नदी में बहे 3 छात्र

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज स्टूडेंट्स बह गए। तीनों बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं के साथ पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए और तेज बहाव में बह गए। तीनों की तलाश जारी है।

बिहार में 47 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

बिहार के 15 जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में 47 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। दियारा क्षेत्रों में बाढ़ में फंसे लोगों तक नावों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। एक नाव मानस पंचायत पहुंची तो राशन लेने के लिए लोग पानी में उतर आए। उत्तर प्रदेश में भी 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित है। 21 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कानपुर और उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

MP-राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में बारिश के दौरान विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो गई, जबकि दमोह के निचले इलाकों में पानी भर गया। राजस्थान के 29 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को अलवर, सवाई माधोपुर और दौसा समेत कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर भी बना हुआ है और कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

दुधवा में भरा बाढ़ का पानी, हाथियों से पेट्रोलिंग

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी स्थित दुधवा नेशनल पार्क में भी बाढ़ का पानी भर गया है। पानी बढ़ने के बाद वनकर्मी हाथियों की मदद से पेट्रोलिंग कर रहे हैं।

वहीं झारखंड के चतरा में भी बारिश और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है।

हरियाणा के 16 जिलों में भी आज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच कई राज्यों में प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Tagged: