उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित सैनिक स्कूल के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्कूल के लिए ग्राम सभा नौनेर में 9.524 हेक्टेयर जमीन निशुल्क उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस जमीन पर स्कूल के विस्तार के साथ कैडेटों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए जरूरी भवनों और सुविधाओं का निर्माण किया जा सकेगा।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन आएगी जमीन
प्रस्ताव के मुताबिक, ग्राम सभा नौनेर की प्रबंधन वाली 9.524 हेक्टेयर भूमि का निशुल्क पुनर्ग्रहण कर उसे माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन किया जाएगा। इसके बाद जमीन रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। राज्य सरकार और रक्षा मंत्रालय के बीच हुए समझौते के तहत सैनिक स्कूल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। इसी व्यवस्था के तहत स्कूल के विस्तार के लिए वैकल्पिक जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।
मौजूदा परिसर में निर्माण की बाधा
सैनिक स्कूल के वर्तमान परिसर से दो हाईटेंशन बिजली लाइनें गुजरती हैं। इनके कारण परिसर की उपलब्ध जमीन का एक बड़ा हिस्सा निर्माण कार्य के लिए उपयोग नहीं हो पा रहा है। ऐसे में स्कूल की जरूरतों को पूरा करने और अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए नई जमीन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने नौनेर गांव में जमीन चिह्नित की। नई जमीन उपलब्ध होने के बाद स्कूल में आवश्यक भवनों और दूसरी सुविधाओं के निर्माण का रास्ता आसान होगा।
568 विद्यार्थी कर रहे हैं पढ़ाई
मैनपुरी स्थित इस आवासीय सैनिक स्कूल की स्थापना 22 जुलाई 2019 को हुई थी। यह देश की सैनिक स्कूल श्रृंखला का 30वां संस्थान है। वर्तमान में स्कूल करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां कुल 568 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें 517 छात्र और 51 छात्राएं शामिल हैं। नई जमीन मिलने से स्कूल के परिसर का विस्तार किया जा सकेगा। साथ ही कैडेटों के रहने, पढ़ने और अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।









