Home / राजनीति / आसमान में दिखेगा सारंग टीम का शौर्य,5 स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर करेंगे हैरतअंगेज करतब,CM साय से मिली वायु सेना की टीम

आसमान में दिखेगा सारंग टीम का शौर्य,5 स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर करेंगे हैरतअंगेज करतब,CM साय से मिली वायु सेना की टीम

Spread the love

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए आकर्षक संरचनाएं और हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। बुधवार को टीम के सदस्यों ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास कार्यालय में उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

सुबह 11 बजे से शुरू होगा एयर शो

2 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले एयर शो में दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, सटीक संचालन और साहसिक हवाई करतब देखने को मिलेंगे। पांच हेलीकॉप्टर एक साथ अलग-अलग संरचनाओं में उड़ान भरकर अपनी बेहतरीन टीमवर्क और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

दो महिला पायलट भी दिखाएंगी हुनर

सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं। टीम देश-विदेश में अपने हवाई प्रदर्शनों के जरिए भारतीय वायु सेना के अनुशासन, साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देती रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने राज्योत्सव में शामिल होने को सम्मान की बात बताया।

युवाओं को मिलेगी प्रेरणा, आत्मनिर्भर भारत की झलक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ध्रुव हेलीकॉप्टर भारत की विमानन क्षमता और आत्मनिर्भरता का परिचय कराते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह एयर शो युवाओं में विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ाएगा। राज्योत्सव में होने वाला यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़वासियों के लिए रोमांचक और यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है।