Home / राज्य / उत्तराखंड बस हादसे पर PM मोदी और CM धामी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

उत्तराखंड बस हादसे पर PM मोदी और CM धामी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

Spread the love

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में 34 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीमों ने खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

PM मोदी ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

टिहरी बस हादसे की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

CM धामी ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सड़क हादसों में लोगों के हताहत होने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे के गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जिले की दोगी पट्टी के बांसकाटल में सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री ने हादसों में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

घायलों के इलाज और मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटनाओं में घायल सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए भी कहा है।

SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास बस पुल से नीचे खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें रवाना हुईं। स्थानीय पुलिस ने भी राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया। रेस्क्यू टीमों ने मौके से 26 घायल यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। वहीं, हादसे में 8 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है। दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।