Home / राज्य / पंजाब में 104 जगहों पर छठ पूजा के इंतजाम, धूरी पहुंचकर CM भगवंत मान ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश

पंजाब में 104 जगहों पर छठ पूजा के इंतजाम, धूरी पहुंचकर CM भगवंत मान ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश

Spread the love

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान छठ पूजा के अवसर पर धूरी पहुंचे और पूजा समारोह में शामिल होकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी समुदायों के लोग जब एक-दूसरे के त्योहार मिल-जुलकर मनाते हैं, तो आपसी प्रेम, सम्मान और सांप्रदायिक सद्भावना मजबूत होती है।

बिहारी और पंजाबी भाइयों की एकजुटता पर जताई खुशी

धूरी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि छठ पूजा में बिहारी भाइयों के साथ बड़ी संख्या में पंजाबी लोगों की भागीदारी देखकर उन्हें खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हजारों लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ यह पर्व मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी छठ पूजा समारोह की तस्वीरें साझा कीं।

आस्था, अनुशासन और प्रकृति का प्रतीक है छठ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और प्रकाश का स्रोत मानकर उनकी उपासना की जाती है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन के हर चरण और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना सिखाती है।

प्रवासी परिवारों के योगदान की सराहना

भगवंत मान ने बिहार और पूर्वांचल से पंजाब आकर बसे लोगों की मेहनत और योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रवासी परिवार कृषि, उद्योग और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में राज्य की तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पंजाब में रहने वाला हर व्यक्ति बड़े परिवार का हिस्सा है और सभी का सम्मान करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

104 स्थानों पर किए गए विशेष इंतजाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छठ पूजा के लिए पूरे पंजाब में 104 स्थानों की पहचान कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने प्रवासी परिवारों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील भी की। मान ने कहा कि सरकार अच्छे स्कूलों के माध्यम से हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रयास कर रही है, ताकि वे आगे बढ़कर समाज में योगदान दे सकें।