Home / राज्य / अन्य खबरें / छत्तीसगढ़ में दिवाली पर 4670 गरीब परिवारों को पक्के घर की सौगात, साय सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी

छत्तीसगढ़ में दिवाली पर 4670 गरीब परिवारों को पक्के घर की सौगात, साय सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी

Spread the love

छत्तीसगढ़ में इस बार हजारों गरीब परिवारों की दिवाली खुशियों वाली होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के प्रयासों से शहरी जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर की सौगात मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 4,670 नए आवासों को मंजूरी दी है। यह स्वीकृति प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में दी गई है।

बीएलसी घटक में बढ़कर 60,623 हुई संख्या

नई मंजूरी से पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी आधारित निर्माण यानी बीएलसी घटक के तहत 55,953 आवास स्वीकृत किए जा चुके थे। अब 4,670 नए आवासों की मंजूरी के बाद इनकी कुल संख्या बढ़कर 60,623 हो गई है। वहीं, भागीदारी में किफायती आवास यानी एएचपी घटक के तहत पहले से 15,463 आवासों को स्वीकृति मिल चुकी है।

अब तक 76,086 आवासों को मिली मंजूरी

नई स्वीकृति के बाद छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के बीएलसी और एएचपी दोनों घटकों को मिलाकर कुल 76,086 आवास मंजूर हो चुके हैं। इससे प्रदेश के हजारों शहरी जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नए आवासों की मंजूरी पर खुशी जाहिर करते हुए सभी लाभार्थी परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को छत्तीसगढ़ में तेजी से पूरा किया जा रहा है। राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

घर के साथ सम्मान और सुरक्षा की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर मिली यह मंजूरी हजारों परिवारों के लिए विशेष सौगात है। पक्का घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार अपने घर में खुशियों के दीप जला सके।