दिल्ली में फिर गूंजीं गोलियांशास्त्री पार्क में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 2024 के डबल मर्डर का फरार आरोपी पैर में गोली लगते ही ढेर, गिरफ्तार राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते बदमाशों पर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है।
शास्त्री पार्क इलाके में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई और गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा।
दिल्ली पुलिस की टीम ने इस मुठभेड़ में एक ऐसे आरोपी को दबोच लिया, जो 2024 के सनसनीखेज चाचा-भतीजे के डबल मर्डर केस में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की पहचान सीलमपुर निवासी के रूप में हुई है और वह पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को देर रात आरोपी के इलाके में आने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर जाल बिछाया और उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की।लेकिन जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के करीब पहुंची, बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हालात को भांपते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से चली गोलियों के बीच एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।घायल होते ही पुलिस ने बिना देर किए उसे काबू कर लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि यह वही आरोपी है, जो फर्श बाजार थाना क्षेत्र में हुए चाचा-भतीजे की निर्मम हत्या में शामिल था और वारदात के बाद से लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में कई दिनों से दबिश दे रही थी।
इस मुठभेड़ के बाद जहां इलाके में दहशत का माहौल रहा, वहीं दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।










