बिहार की राजनीति में आमतौर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिलते हैं। लेकिन सोमवार को जहानाबाद में एक ऐसा मौका आया, जब RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल की खुलकर सराहना की। जेडीयू विधायक ऋतुराज कुमार ने भी इस कदम के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ की। मामला महिलाओं और छात्राओं के लिए शुरू की गई विशेष पिंक बस सेवा से जुड़ा है। जहानाबाद में महिलाओं के आवागमन को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पटना-हुलासगंज और जहानाबाद रूट पर इस सेवा की शुरुआत की गई है।
पिंक बस सेवा को दिखाई हरी झंडी
सोमवार को जहानाबाद समाहरणालय परिसर से पिंक बस को रवाना किया गया। RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस सेवा की शुरुआत की। इस बस सेवा से कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और दफ्तरों तक आने-जाने वाली महिलाओं और छात्राओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे उनके आवागमन में समय की बचत भी हो सकती है।
RJD सांसद ने CM को दिया धन्यवाद
कार्यक्रम के दौरान RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस पहल के लिए धन्यवाद और बधाई दी। उन्होंने इसे अच्छी सोच के साथ उठाया गया कदम बताया। सांसद ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलना जरूरी है। उनके मुताबिक, जब महिलाएं सशक्त होकर विकास की प्रक्रिया में आगे आएंगी, तभी बिहार के विकास को मजबूती मिलेगी।
विधानसभा में उठी थी बस चलाने की मांग
जेडीयू विधायक ऋतुराज कुमार ने बताया कि इस रूट पर छात्राओं के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग उन्होंने करीब छह महीने पहले बिहार विधानसभा में उठाई थी। उन्होंने कहा कि मांग के बाद इतनी कम अवधि में बस सेवा शुरू होना खुशी की बात है। विधायक ने यह भी बताया कि महिलाओं और छात्राओं की जरूरत को देखते हुए इसी रूट पर जल्द एक और बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। इससे इस मार्ग पर आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।








