उत्तर प्रदेश में दीपावली और छठ पूजा के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। संभावित आगजनी, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों को देखते हुए प्रदेश के सभी राजकीय एवं स्वशासी मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे चालू रहेंगी जीवनरक्षक सेवाएं
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण नेहा शर्मा ने सभी मेडिकल कॉलेजों को इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, बर्न यूनिट, सर्जरी और ऑपरेशन थिएटर जैसी सेवाएं चौबीसों घंटे चालू रखने को कहा है। आपात स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल जांच और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बेड और संसाधन भी तैयार रखे जाएंगे।
डॉक्टरों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय
त्योहारों के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों और पैरामेडिकल कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर तैयार किया जाएगा। इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक्स, मेडिसिन, एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी सहित महत्वपूर्ण विभागों में कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
दवाओं और उपकरणों का रहेगा पर्याप्त स्टॉक
अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाओं, इंजेक्शन, ड्रेसिंग सामग्री और आपातकालीन किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, मॉनिटर और अन्य जरूरी उपकरणों की जांच होगी। ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त और रक्त अवयव उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया है।
आगजनी और सामूहिक दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारी
मेडिकल कॉलेजों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों, फायर अलार्म और निकास मार्गों का निरीक्षण कराया जाएगा। वहीं, भगदड़, सड़क हादसे या बड़ी दुर्घटना में एक साथ कई घायलों के पहुंचने पर ट्रायेज व्यवस्था के जरिए गंभीर मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी।
नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी
सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और निदेशकों को व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। आदेशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान हर जरूरतमंद को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।









