छत्तीसगढ़ में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच कर रही CBI ने एक बार फिर कार्रवाई की है।** गुरुवार सुबह CBI की टीम रायपुर के समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर पहुंची। टीम ने सुबह करीब 7 बजे दबिश दी और लगभग 9 बजे तक घर में जांच-पड़ताल करने के बाद वापस लौट गई। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई को महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रमोटरों से सट्टा आईडी लेकर आगे बेचने के मामले में यह जांच की गई है। हालांकि, CBI की ओर से इस कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
गोवा से गिरफ्तार हुआ था मोहित सोमानी
मोहित सोमानी को ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में स्थित एक किराए के विला से पकड़ा था। आरोप है कि वह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए आईडी उपलब्ध कराने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। इस नेटवर्क के जरिए छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों को सट्टा खेलने के लिए आईडी दी जाती थी। गिरफ्तारी के बाद से मोहित सोमानी रायगढ़ जेल में बंद है। इसी बीच CBI की टीम उसके रायपुर स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची। हालांकि, घर से क्या-क्या जानकारी या दस्तावेज मिले हैं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
महादेव ऐप मामले में जल्द हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े पैनल ऑपरेटरों और अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ एजेंसी उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो सट्टा आईडी उपलब्ध कराने, पैनल संचालित करने और पैसों के लेनदेन में शामिल बताए जा रहे हैं।
देशभर में फैला था महादेव सट्टेबाजी का नेटवर्क
CBI की जांच में महादेव ऑनलाइन बुक को देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल बताया गया है। इस प्लेटफॉर्म का संचालन भारत के बाहर से किए जाने की बात सामने आई थी। इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। नेटवर्क को फ्रेंचाइजी मॉडल की तरह संचालित किया जाता था, जिसमें अलग-अलग शहरों में पैनल और ब्रांच बनाई गई थीं। इनके माध्यम से लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और उनसे रकम जमा कराई जाती थी। अब CBI की जांच इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसकी आर्थिक गतिविधियों पर केंद्रित है।









