Home / राज्य / अन्य खबरें / शादी के महज पांच महीने बाद भोपाल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की अस्थियां आज ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा में विसर्जित कर दी गईं।

शादी के महज पांच महीने बाद भोपाल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का शिकार हुई 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की अस्थियां आज ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा में विसर्जित कर दी गईं।

Spread the love

इस दौरान मृतका के पिता नवनिधि शर्मा, भाई हर्षित शर्मा और बहन नैना शर्मा समेत परिवार के तमाम लोग बेहद भावुक नजर आए। नम आंखों और भारी मन से परिजनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ट्विशा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान परिजनों का दर्द और आक्रोश साफ देखने को मिला। उन्होंने रुंधे गले से कहा, उनकी बेटी की जिंदगी छीनने वाले और इस हत्या के जिम्मेदारों को कभी भी जीवन में शांति और प्यार की अनुभूति नहीं मिलेगी।

मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के बेटे अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी।

परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाले दिन यानी 12 मई की रात ट्विशा ने नोएडा में अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को फोन कर रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई थी। उसने बताया था कि नौकरी छोड़ने को लेकर ससुराल वाले उसे नाकारा कहते हैं और उस पर लगातार मानसिक दबाव बना रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि बातचीत के दौरान ही अचानक ट्विशा का फोन कट गया और इसके करीब दो घंटे बाद उसकी सास गिरिबाला सिंह ने फोन कर सूचना दी कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।